10 मिनट में बनाएं स्वादिष्ट और पौष्टिक सूजी (रवा) उपमा।
उपमा एक लोकप्रिय और पौष्टिक भारतीय नाश्ता है, जिसे सूजी मतलब रवा से बनाया जाता है। उपमा एक ऐसा नाश्ता है जो बहुत कम समय में तैयार हो जाता है। इसे आसानी से विभिन्न सब्जियों के साथ मिलाकर बनाया जा सकता है जो खाने में स्वादिष्ट और सेहत में फायदेमंद होता है। आज हम आपको रवा उपमा बनाने की सरल और स्वादिष्ट रेसिपी बताने जा रहे हैं।
उपमा बनाने के लिए आवश्यक सामग्री:-
- आधा कप मटर
- 1 कप सूजी (रवा)
- 1 चम्मच सरसों के बीज
- 1 चम्मच चना दाल
- 1 चम्मच उड़द डाल
- 1 प्याज (बारीक कटा हुआ)
- 1 गाजर (बारीक कटी हुई)
- 1 टमाटर (बारीक कटा हुआ)
- 1 चम्मच अदरक (कद्दूकस किया हुआ)
- 1 चम्मच नींबू रस
- 2 कप पानी
- 2 चम्मच तेल
- 2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- 8 से 10 करी पत्ते
- नमक स्वादानुसार
- हरा धनिया (सजाने के लिए)
रवा (सूजी) उपमा बनाने की विधि:-
1. सूजी को भूनना:-
सबसे पहले एक कढ़ाई में सूजी को हल्का सुनहरा होने तक सूखा भून लें। ध्यान रहे सूजी जलने ना पाए इसलिए इसे धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें। भूनने के बाद सूजी को एक प्लेट में निकालकर अलग रख दें।
2. तड़का तैयार करें:-
अब उसी कढ़ाई में तेल गरम करें और तेल गरम होने पर उसमें सरसों के बीज डालें। जब सरसों के बीज चटकने लगे, तो उसमें उड़द डाल और चना दाल डालें। दाल को सुनहरा होने तक भूनें।
3. मसाले और सब्जियाँ मिलाना:-
तड़का तैयार होने के बाद उसमें करी पत्ता, बारीक कटी हरी मिर्च और कद्दूकस किया हुआ अदरक डालें। थोड़ी देर भूनने के बाद बारीक कटा प्याज डालें और प्याज को हल्का गुलाबी होने तक भूने। अब कटी हुई गाजर, मटर और टमाटर डालें। सब्जियों को नरम होने तक भूनें।
4. पानी डालना:-
जब सब्जियाँ अच्छी तरह से भुन जाएं, तो इसमें 2 कप पानी डालें और नमक डालकर अच्छी तरह मिलाएँ। पानी को उबाल आने दें।
5. सूजी मिलाना:-
जब पानी उबलने लगे तो उसमें धीरे-धीरे भुनी हुई सूजी डालते जाएं और लगातार चलाते रहें ताकि गांठे न पड़े। सूजी डालने के बाद आंच को धीमा कर दें और उपमा को पकने दें। इसे बीच-बीच में चलाते रहें ताकि यह कड़ाई से चिपके नहीं।
6. धनिया और नींबू डालना:-
जब उपमा अच्छी तरह से पक जाए और पानी सूख जाए, तो इसमें नींबू का रस और हरा धनिया मिलाएं।
7. परोसना
स्वादिष्ट उपमा अब तैयार है। इसे गरमागरम परोंसे। आप इसे नारियल चटनी के साथ भी परोस सकते हैं।
टिप्स और ध्यान रखने वाली बातें:-
- आप अपने पसंद की कोई भी सब्ज़ी इस्तेमाल कर सकती हैं। शिमला मिर्च, मटर, बीन्स आदि।
- सूजी को हल्का सुनहरा होने तक ही भूने , ज्यादा भूनने से इसका स्वाद कड़वा हो सकता है।
- आप उपमा में घी का तड़का भी लगा सकते हैं इससे उपमा और भी स्वादिष्ट हो जाएगा।
उपमा न केवल स्वादिष्ट होता है बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होता है। इसलिए इस रेसिपी को अपने तक सीमित ना रखें। इसे अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को जरूर भेजें।
0 टिप्पणियाँ